Advertisement Carousel

लॉकडाउन की वजह से सामने आए सकारात्मक परिणाम, कोरोना महामारी अभी तक हैं नियंत्रण में …

नई दिल्ली / सरकार का कहना है कि प्रधानमंत्री ने देश में लॉकडाउन करने का फ़ैसला बिल्कुल सही समय पर किया और अबतक इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं. सरकार ने ये भी दावा किया कि कोरोना महामारी अभी तक नियंत्रण में है.

बता दे कि कोरोना वायरस से फैली महामारी को रोकने के लिए सरकार ने लॉकडाउन का फैसला लिया था. देश में लॉकडाउन को एक महीना पूरा हो चुका है. आज लॉकडाउन का 31वां दिन है. सरकार ने 3 मई तक लॉकडाउन का एलान किया है.

सरकार की रोज़ होने वाली प्रेस कांफ्रेंस में नीति आयोग के सदस्य और सरकार द्वारा गठित अधिकार प्राप्त समूह के अध्यक्ष वी के पॉल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन का फ़ैसला बिल्कुल सही समय पर और सभी विशेषज्ञों से राय लेकर किया था.

वी के पॉल ने कहा कि लॉकडाउन के अभी तक काफ़ी सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और इसके दूसरे चरण का परिणाम मई के पहले और दूसरे हफ़्ते तक और बेहतर आने की उम्मीद है. पॉल ने एक ग्राफ़ के ज़रिए उम्मीद जताई कि मई के पहले सप्ताह से महामारी की रेखा ऊपर जाने की बजाए समानांतर होने लगेगी.

पॉल ने कहा कि देश में महामारी फ़िलहाल नियंत्रण में और सीमित है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद राष्ट्रीय रोग नियंत्रण सेन्टर के निदेशक एस के सिंह ने कहा कि फ़िलहाल 9.46 लाख लोगों पर निगरानी की जा रही है जो कोरोना के सन्दिग्ध हो सकते हैं.

error: Content is protected !!