Advertisement Carousel

दुर्ग पुलिस ने सुलझाईं 8 चोरी की वारदातें, 32 लाख का मशरूका बरामद


ऑनलाइन लोन के कर्ज में डूबे आरोपी ने कबूला जुर्म, दो आरोपी गिरफ्तार; सोना-चांदी, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने चोरी की वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहन नगर और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में हुई आठ चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर आरोपियों अनुराग मिश्रा और तुषार मिश्रा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 32 लाख रुपये मूल्य का चोरी का मशरूका बरामद किया है।


पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से 168 ग्राम सोने एवं 150 ग्राम चांदी के आभूषण, दो एलईडी टीवी, एक डीवीआर, चोरी में प्रयुक्त औजार, दो चारपहिया वाहन तथा एक दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई।


पूछताछ में मुख्य आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ऑनलाइन लोन के भारी कर्ज में फंस गया था। आर्थिक तंगी से उबरने के लिए उसने चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू किया। आरोपी ने यह भी बताया कि चोरी किए गए जेवरों को विभिन्न फाइनेंस कंपनियों में गिरवी रखकर प्राप्त राशि का निवेश किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरवी रखे गए आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रात्रिकालीन पेट्रोलिंग और सघन नाकेबंदी अभियान के दौरान मिली महत्वपूर्ण जानकारियों के आधार पर यह सफलता हासिल हुई। इस कार्रवाई से मोहन नगर एवं पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के कुल आठ चोरी के मामलों का खुलासा हो गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!