Advertisement Carousel

सर्पदंश मुआवजा जारी करने के नाम पर 50 हजार की रिश्वत लेते कलेक्ट्रेट का बाबू गिरफ्तार



रायगढ़ कलेक्ट्रेट की राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में एसीबी की ट्रैप कार्रवाई, पीड़ित की शिकायत पर रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी


रायगढ़।
रायगढ़ कलेक्ट्रेट कार्यालय की राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में मंगलवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शाखा में पदस्थ बाबू राजुमाकर सिदार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी सर्पदंश से हुई मृत्यु के मुआवजा प्रकरण की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।


जानकारी के अनुसार, सर्पदंश से हुई मृत्यु के बाद मिलने वाली मुआवजा राशि का प्रकरण कलेक्ट्रेट की राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में लंबित था। आरोप है कि प्रकरण का भुगतान कराने के लिए बाबू राजुमाकर सिदार ने पीड़ित विजय सिदार से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। भुगतान होने तक गारंटी के तौर पर वह 50 हजार रुपये का चेक भी ले रहा था।


पीड़ित ने इसकी शिकायत एसीबी से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी ने ट्रैप की कार्रवाई की और जैसे ही आरोपी ने पीड़ित से 50 हजार रुपये का चेक लिया, टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।


एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

error: Content is protected !!