Advertisement Carousel

दमाऊधारा झरने में दर्दनाक हादसा, दुर्ग का युवक बहा, अंधेरा होने से रोका गया रेस्क्यू ऑपरेशन


सक्ती। जिले के नगरदा थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दमाऊधारा में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दुर्ग-भिलाई से दोस्तों के साथ घूमने आए 20 वर्षीय युवक का पैर फिसलने से वह झरने के तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही नगरदा पुलिस, DDRF और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया, जिसे बुधवार सुबह दोबारा शुरू किया जाएगा।


पुलिस के अनुसार, दुर्ग निवासी प्रतीक कंवर (20) अपने पांच दोस्तों उदय साहू, चेलक लहरे, तेजस साहू, साहिल राव और योगेश वर्मा के साथ सक्ती जिले के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने आया था। सोमवार शाम सभी रैनखोल घूमने गए थे और मंगलवार सुबह करीब 9 बजे दमाऊधारा पहुंचे।


बताया जा रहा है कि छह दोस्तों में से चार युवक झरने के ऊपरी हिस्से में नहा रहे थे, जबकि दो साथी नीचे मौजूद थे। इसी दौरान प्रतीक कंवर का अचानक पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहते हुए गहरे पानी में चला गया। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद तत्काल नगरदा पुलिस को सूचना दी गई।


सूचना मिलते ही नगरदा पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी, जांजगीर-चांपा से DDRF और SDRF की टीम घटनास्थल पर पहुंची। बचाव दल ने कई घंटों तक युवक की तलाश की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका।


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि अंधेरा होने के कारण फिलहाल रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया है। बुधवार सुबह पुलिस और बचाव दल संयुक्त रूप से फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू करेंगे।

error: Content is protected !!