कमिश्नरेट के पुनर्गठन, 660 रिक्त पद भरने और 500 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग
रायपुर, 5 अगस्त। रायपुर लोकसभा सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने राजधानी रायपुर की सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को अधिक प्रभावी बनाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा को विस्तृत पत्र लिखा है। पत्र में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट एवं ग्रामीण पुलिस के पुनर्गठन, पुलिस बल की कमी दूर करने और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
सांसद अग्रवाल ने कहा कि कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों की संख्या तो बढ़ी है, लेकिन मैदानी स्तर पर आरक्षक, प्रधान आरक्षक और उपनिरीक्षकों की भारी कमी के कारण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने रायपुर नगर निगम के कई पूर्णतः शहरी क्षेत्रों तथा स्वामी विवेकानंद विमानतल (माना एयरपोर्ट) को कमिश्नरेट क्षेत्र में शामिल करने का सुझाव दिया है। उनका कहना है कि इससे पुलिस व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी और संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सकेगा।
पत्र में सांसद ने बताया कि संयुक्त रक्षित केंद्र में 660 से अधिक पद रिक्त हैं, जिनमें 522 आरक्षक, 43 प्रधान आरक्षक, 82 उपनिरीक्षक, 9 सहायक उपनिरीक्षक और 4 सूबेदार के पद शामिल हैं। उन्होंने इन पदों पर शीघ्र भर्ती कराने के साथ ही अन्य जिलों से 500 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की अस्थायी तैनाती की मांग की है।
उन्होंने यह भी कहा कि राजधानी की आबादी और वाहनों की संख्या लगातार बढ़ने के बावजूद यातायात शाखा में पुलिस बल बेहद कम है। ऐसे में यातायात पुलिस का विस्तार आवश्यक है।
इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, डीसीपी और एसीपी कार्यालयों के लिए स्थायी भवन, पर्याप्त शासकीय वाहन तथा अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया गया है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार राजधानी की सुरक्षा, सुगम यातायात और बेहतर कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।
