रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रायपुर स्थित ईडी कार्यालय के पास धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक दबाव में की गई कार्रवाई बताते हुए इसकी निंदा की।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि रामगोपाल अग्रवाल को पहले गिरफ्तार किया गया था और अब ईडी ने भी उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा, “रामगोपाल अग्रवाल अकेले नहीं हैं, हम सब उनके साथ हैं। पूरी कांग्रेस उनके साथ खड़ी हुई है।”
बघेल ने ईडी पर दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में चोरी, डकैती और लूट मची हुई है, लेकिन ईडी की ओर से इस पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने भाजपा पर बदले की भावना से कार्रवाई कराने का आरोप लगाया। बघेल ने कहा, “ऊपर वाले के घर देर है, अंधेर नहीं। ईडी वाले अभी समझ जाएं, सरकार हमारी आएगी और एक-एक का हिसाब किया जाएगा।”
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि रायपुर के एक होटल में बैठकर कौन वसूली कर रहा है और कौन लूट मचा रहा है, कांग्रेस को इसकी जानकारी है। उन्होंने कहा कि समय आने पर सभी का हिसाब होगा।
रामगोपाल अग्रवाल के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों पर सवाल उठाते हुए बघेल ने कहा कि केवल काल्पनिक तथ्य पेश किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि पैसा है तो यह बताया जाना चाहिए कि पैसा कहां है।
बता दें कि ईडी ने कथित शराब घोटाला मामले में रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें ईडी की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
