Advertisement Carousel

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ को दो अहम जिम्मेदारियां


रूप कुमारी चौधरी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष, दीपक म्हस्के बने सोशल मीडिया संयोजक

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया। नई टीम में छत्तीसगढ़ को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है।

रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी संगठनात्मक उपलब्धि मानी जा रही है। वहीं दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया की राष्ट्रीय कमान मिलने से प्रदेश के डिजिटल संगठन और सोशल मीडिया नेटवर्क को भी राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका मिली है।

भाजपा की नई टीम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री सहित विभिन्न मोर्चों और मीडिया-सोशल मीडिया से जुड़े पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं। पार्टी की नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ नए चेहरों को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं।

दीपक म्हस्के के सामने अब भाजपा के राष्ट्रीय सोशल मीडिया अभियानों के संचालन और विभिन्न राज्यों की सोशल मीडिया टीमों के साथ समन्वय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। वहीं रूप कुमारी चौधरी राष्ट्रीय स्तर पर महिला मोर्चा के संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम करेंगी।

छत्तीसगढ़ से दो नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश भाजपा में उत्साह का माहौल है। इसे प्रदेश के संगठनात्मक प्रभाव और राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती भूमिका के तौर पर भी देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!