Advertisement Carousel

भाजपा विधायक के वीडियो को लेकर सियासत गरमाई, कांग्रेस नेताओं पर FIR की मांग

रायपुर। सोशल मीडिया पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के 15 अगस्त को बीजेपी का झंडा फहराने से जुड़े कथित वीडियो को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। वीडियो को कांग्रेस नेताओं की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने के बाद भाजपा ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। इसी मामले को लेकर भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल सिविल लाइन थाने पहुंचा और पुलिस को ज्ञापन सौंपकर कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत समेत अन्य संबंधित कांग्रेस नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।

भाजपा प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर वीडियो को कथित तौर पर गलत संदर्भ में प्रस्तुत कर राजनीतिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। भाजपा नेताओं ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर वीडियो पोस्ट करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस पर साधा निशाना

मामले को लेकर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की आदत विषयों को तोड़-मरोड़कर पेश करने की रही है। जायसवाल ने छत्तीसगढ़ के कथित फर्जी CD कांड का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी को नीचा दिखाने के लिए इस तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्यों के खिलाफ भाजपा को कानून का दरवाजा खटखटाना पड़ेगा और पूरे मामले में नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

दीपक बैज बोले- दबाव की राजनीति

वहीं, PCC चीफ दीपक बैज ने भाजपा की ओर से FIR की मांग को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने इसे दबाव की राजनीति करार दिया। बैज का आरोप है कि सरकार लगातार विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश कर रही है और राजनीतिक विरोधियों की आवाज दबाने के लिए पुलिस और प्रशासन का इस्तेमाल किया जा रहा है।

इस मामले ने एक बार फिर भाजपा और कांग्रेस के बीच सोशल मीडिया पर राजनीतिक बयानबाजी को लेकर टकराव बढ़ा दिया है। अब पुलिस की जांच और शिकायत पर होने वाली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!