Advertisement Carousel

भाजपा के आंगन में ताकझाँक की लत छोड़ें बैज : किरण बघेल


भाजपा बोली- कांग्रेस के गुटबाजी वाले चश्मे से हमारे संगठन को देखना बंद करे

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के भाजपा के संगठनात्मक मामलों को लेकर दिए बयान पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बैज भाजपा के आंतरिक मामलों में ताकझाँक करने की आदत छोड़कर अपनी पार्टी की गिरती साख की चिंता करें। भाजपा एक लोकतांत्रिक, सुगठित और कार्यकर्ता आधारित दल है, जहां संगठन में दायित्वों का परिवर्तन स्वाभाविक और सतत प्रक्रिया है।


बघेल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अपने कार्यकाल में अंदरूनी गुटबाजी और आपसी खींचतान के कारण अब तक पूरी प्रदेश कार्यकारिणी तक गठित नहीं कर पाए हैं। उन्होंने कहा कि जो नेता अपने संगठन को संभालने में नाकाम रहा हो, उसका भाजपा के संगठनात्मक ढांचे पर टिप्पणी करना उचित नहीं है।


भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद से लेकर युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद तक वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की राजनीति कई गुटों में बंटी हुई है। ऐसे में बैज को भाजपा की चिंता करने के बजाय पहले अपने संगठन की स्थिति संभालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा के संगठनात्मक मामलों पर बेबुनियाद बयानबाजी कर कांग्रेस अपनी ही जगहंसाई करा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!