Advertisement Carousel

युवा कांग्रेस चुनाव नहीं, कांग्रेस की ‘चूहा दौड़’ और गुटबाजी का प्रदर्शन : राहुल टिकरिहा

रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने युवा कांग्रेस के चुनाव को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवा कांग्रेस का चुनाव संगठनात्मक प्रक्रिया कम और कांग्रेस के बड़े नेताओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई ज्यादा बन गया है। युवाओं को नेताओं की गुटबाजी में मोहरा बनाया जा रहा है।

टिकरिहा ने कहा कि कांग्रेस के भीतर गुटबाजी और कुर्सी की लड़ाई अब युवा कांग्रेस के चुनाव में भी खुलकर सामने आ रही है। उन्होंने हालिया घटनाक्रम का जिक्र करते हुए दावा किया कि विधायक देवेंद्र यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समर्थित उम्मीदवार के सामने अपना प्रत्याशी खड़ा किया है। इससे कांग्रेस के भीतर चल रही खींचतान और आपसी वर्चस्व की लड़ाई उजागर होती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता युवाओं के भविष्य की चिंता करने के बजाय अपनी राजनीतिक साख और गुट को मजबूत करने में जुटे हैं। टिकरिहा ने इसे कांग्रेस की ‘चूहा दौड़’ बताते हुए कहा कि पार्टी में हर कोई दूसरे को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा है।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस की इस अंदरूनी लड़ाई को देख रही है। जो पार्टी अपने युवा संगठन को एकजुट नहीं रख सकती, वह प्रदेश के युवाओं को क्या दिशा देगी। उन्होंने युवाओं से कांग्रेस की कथित स्वार्थ और विभाजन की राजनीति को समझने तथा इससे दूर रहने की अपील की।

टिकरिहा ने कहा कि भाजयुमो युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है और युवाओं के नाम पर राजनीति करने वाले संगठनों की वास्तविकता जनता के सामने रखता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!