Advertisement Carousel

रूपकुमारी चौधरी के छत्तीसगढ़ आगमन पर भाजपा महिला मोर्चा का शक्ति प्रदर्शन

रायपुर। भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी के पहली बार छत्तीसगढ़ आगमन पर राजधानी रायपुर में भव्य स्वागत किया गया। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी, ढोल-ताशों और जयघोष के साथ उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।

विमानतल से चौधरी भाजपा के एकात्म परिसर स्थित कार्यालय पहुंचीं, जहां प्रदेशभर से जुटीं महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इसके बाद वे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने स्मृति मंदिर में पार्टी के पितृ पुरुषों और प्रेरणास्रोत महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस दौरान रूपकुमारी चौधरी ने राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा दी गई जिम्मेदारी के लिए आभार जताते हुए कहा कि भाजपा में एक साधारण कार्यकर्ता को भी राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण दायित्व मिल सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में नारी शक्ति को सशक्त बनाने का काम हो रहा है। महिलाओं की भूमिका अब केवल भागीदारी तक सीमित नहीं, बल्कि नीति क्रियान्वयन और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा का प्रमुख लक्ष्य केंद्र और राज्य सरकार की महिला-केंद्रित योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। महतारी वंदन योजना, उज्ज्वला योजना और लखपति दीदी जैसी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाने के लिए संगठन स्तर पर काम किया जाएगा।

कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, महामंत्री शीतल नायक, कमलेश शाश्वत सहित प्रदेश पदाधिकारी, वरिष्ठ नेत्रियां, महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी तथा रायपुर समेत विभिन्न जिलों से पहुंचे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!