Advertisement Carousel

बिलासपुर में स्टेट GST का बड़ा एक्शन, 3 बड़े कोल कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी, 27 करोड़ रुपए किए सरेंडर


बिलासपुर। जिले में कोयला कारोबार से जुड़े बड़े कारोबारियों पर स्टेट जीएसटी (SGST) विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को स्टेट जीएसटी की टीमों ने एक साथ महावीर कोल वाशरी, फिल कोल (फील ग्रुप) और पारस कोल एंड बेनिफिकेशन (पारस पावर ग्रुप) के ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई दोपहर से शुरू हुई, जो देर रात तक जारी रही।


सूत्रों के अनुसार, कोयला कारोबार में वित्तीय अनियमितताओं और जीएसटी चोरी की शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। स्टेट जीएसटी की 10 से अधिक टीमें बिलासपुर के अलावा रायगढ़, बलौदा बाजार और अन्य जिलों में स्थित दफ्तरों, कोल वाशरी और संबंधित परिसरों में एक साथ पहुंचीं।


27 करोड़ रुपए का सरेंडर
छापेमारी के दौरान कारोबारियों ने कुल 27 करोड़ रुपए जीएसटी विभाग के समक्ष सरेंडर किए।
महावीर कोल वाशरी द्वारा 10 करोड़ रुपए सरेंडर किए जाने की पुष्टि हुई है।
शेष राशि अन्य दो ग्रुप्स की ओर से जमा कराई गई।


बताया जा रहा है कि महावीर कोल वाशरी का संबंध फिल्म अभिनेत्री अंकिता लोखंडे के ससुराल से भी जुड़ा हुआ है, जिसके चलते मामला और चर्चा में आ गया है।


रिकॉर्ड खंगाल रही टीमें
जीएसटी विभाग की टीमें कारोबार से जुड़े डिजिटल और फिजिकल फाइनेंसियल रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर, बिलिंग, इनवॉइस और ट्रांजैक्शन डिटेल्स की गहन जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच के आधार पर ही सरेंडर किया गया है, जबकि विस्तृत जांच अभी जारी है।


आगे भी हो सकती है कार्रवाई
स्टेट जीएसटी विभाग ने संकेत दिए हैं कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर अतिरिक्त कर निर्धारण, पेनाल्टी और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल कोयला कारोबार से जुड़े अन्य ठिकानों और लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है।


इस बड़ी कार्रवाई के बाद जिले के कोयला कारोबार में हड़कंप मचा हुआ है और आने वाले दिनों में और खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

error: Content is protected !!