पैरा लोड कर जा रहे ट्रैक्टर से चालक ने खोया नियंत्रण, गांव में मातम
सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। पैरा लोड कर जा रहा एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और तेज रफ्तार में एक घर के अंदर जा घुसा। इस दौरान घर के सामने खेल रही 5 वर्षीय मासूम बच्ची ट्रैक्टर की चपेट में आ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर इतनी तेज रफ्तार में था कि चालक उसे संभाल नहीं सका। देखते ही देखते ट्रैक्टर बच्ची पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही रामानुजनगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर लिया गया है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश भी देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। हादसे ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
