सक्ती। ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में 11 सितंबर को होने वाले वृहद कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों का गृह प्रवेश, पंचायत पदाधिकारी एवं लखपति दीदी सम्मेलन के साथ विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन-शिलान्यास किया जाएगा।
तैयारियों का जायजा लेने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जेठा पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर, एसपी और जिला पंचायत सीईओ सहित अधिकारियों के साथ रूट मैप, मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, शौचालय, बैरिकेडिंग, सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरी करने और अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, हितग्राहियों व आम लोगों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए जनप्रतिनिधियों से भी सक्रिय सहभागिता की अपील की।
