Advertisement Carousel

अंतागढ़ के 122 जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने थामा भाजपा का दामन

रायपुर। अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र के 122 जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने गुरुवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी को भाजपा का गमछा पहनाकर पार्टी में प्रवेश कराया। सदस्यता लेने वालों में पंच, सरपंच, जनपद सदस्य और ग्राम पटेल शामिल हैं।

मुख्यमंत्री साय ने नवप्रवेशियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनके भाजपा में शामिल होने से संगठन को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि बस्तर और वनांचल क्षेत्रों में सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं से जनता का विश्वास बढ़ा है। सभी मिलकर अंत्योदय के संकल्प के साथ गांव-गांव तक विकास पहुंचाने का काम करेंगे।

कार्यक्रम में विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, कांकेर जिला अध्यक्ष महेश जैन समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को लोकपर्व पोला की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व किसानों के परिश्रम, कृषि संस्कृति और पशुधन के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!