रायपुर। शहर के ऐतिहासिक रामसागरपारा में गुरुवार को छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व पोरा तिहार का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रायपुर लोकसभा क्षेत्र सहित आसपास के बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आयोजन पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के संरक्षण में छत्तीसगढ़ पारंपरिक पोरा तिहार उत्सव समिति और रामसागरपारा क्षेत्रवासियों द्वारा किया गया।
इस दौरान भव्य बैला दौड़, नांदिया बैला चलई और जांता चलई सहित विभिन्न पारंपरिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बैला दौड़ में सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी को 6100 रुपये, प्रथम को 5100, द्वितीय को 4100 और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 3100 रुपये नकद पुरस्कार दिया गया। सभी बैल जोड़ियों को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किया गया।
विकास उपाध्याय ने कहा कि “छत्तीसगढ़िया तिहार हमर पुरखा के तिहार हैं। अपनी संस्कृति और परंपराओं को बचाना हम सभी का कर्तव्य है।” उन्होंने कहा कि रामसागरपारा में वर्षों से पारंपरिक त्योहारों को उत्साह के साथ मनाने की परंपरा चली आ रही है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महतारी, बहिनी, लईका और सियान सहित आमजन शामिल हुए।
