रायपुर, 10 सितंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को राजधानी रायपुर के जोरा मॉल स्थित सिनेमाघर में परिवार सहित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी।
इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी अपने परिवार के साथ मौजूद रहे। मंत्रिपरिषद के सदस्य, विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्ष और जनप्रतिनिधियों ने भी फिल्म का प्रदर्शन देखा।
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री साय ने ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा से समाज को परिचित कराने वाली प्रेरणादायी फिल्मों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए।
फिल्म को टैक्स फ्री किए जाने से प्रदेश के दर्शकों, विशेषकर युवाओं को संत परंपरा और उससे जुड़े जीवन मूल्यों को जानने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने हमेशा समाज को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। संतों ने अपने जीवन और आचरण के माध्यम से मानवता और लोककल्याण का संदेश दिया। नीम करौली बाबा का जीवन भी मानव सेवा, प्रेम और भक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनका संदेश आज भी समाज के लिए प्रासंगिक है।
उन्होंने कहा कि नीम करौली बाबा ने सरल जीवन और सहज शब्दों के माध्यम से प्रेम, सेवा और भक्ति का संदेश दिया। मानवता और सभी के प्रति समान भाव उनके विचारों के केंद्र में रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव सेवा को ईश्वर की सच्ची सेवा मानने का उनका संदेश समाज को सकारात्मक दिशा देने की क्षमता रखता है।
मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि इसके जरिए समाज तक विचार, संस्कार और प्रेरणा भी पहुंचाई जा सकती है। भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित फिल्में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और मानवीय मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक शक्ति उसकी हजारों वर्ष पुरानी परंपराओं और जीवन मूल्यों में निहित है। सेवा, करुणा, सद्भाव और मानव कल्याण जैसे मूल्यों को आगे बढ़ाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

‘हनुमान अंश’ फिल्म नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा तथा सेवा और भक्ति के संदेश पर आधारित है। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश में टैक्स फ्री करने का निर्णय लिया।
