देश के चुनिंदा 16 श्रेष्ठ शिक्षकों में हुआ चयन, ऑक्सफोर्ड में मिलेगा शैक्षणिक एवं नेतृत्व विकास कार्यक्रम का अवसर
रायपुर। छत्तीसगढ़ के शिक्षा जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। रायपुर की शिक्षिका वसुंधरा यादव को प्रतिष्ठित ‘India’s Best Teachers Award 2026’ से सम्मानित किया गया है। देशभर से चयनित 16 श्रेष्ठ शिक्षकों में वसुंधरा यादव का चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से रायपुर और छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।
यह सम्मान शिव नादर फाउंडेशन और यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड के सैद बिजनेस स्कूल की पहल के तहत प्रदान किया गया है। वर्तमान में वसुंधरा यादव ब्राइटन इंटरनेशनल स्कूल, रायपुर में लॉ एवं सोशल साइंस की शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास, शिक्षण के प्रति समर्पण और बेहतर परिणामों के लिए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
मुंबई यूनिवर्सिटी की गोल्ड मेडलिस्ट
वसुंधरा यादव मुंबई विश्वविद्यालय की गोल्ड मेडलिस्ट हैं। उन्होंने एलएल.बी., एलएल.एम. और बी.एड. जैसी उच्च शैक्षणिक योग्यताएं हासिल की हैं। लॉ एवं सोशल साइंस विषयों में उनके विद्यार्थियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर रहा है। बोर्ड परीक्षाओं में उनके विषयों के विद्यार्थियों ने 98 से 99 प्रतिशत तक परिणाम हासिल किए हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित शिक्षकों के लिए ऑक्सफोर्ड में विशेष शैक्षणिक एवं नेतृत्व विकास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से शिक्षकों को वैश्विक शिक्षण पद्धतियों, नेतृत्व कौशल और शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों को समझने का अवसर मिलेगा।
वसुंधरा यादव वल्लभ नगर, प्रियदर्शिनी कॉलोनी, रायपुर निवासी हैं। वे श्रीमती लक्ष्मी यादव एवं डॉ. एन.पी. यादव की सुपुत्री हैं। उनकी उपलब्धि पर परिवार, विद्यालय के सहकर्मियों, विद्यार्थियों और शुभचिंतकों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश की युवा पीढ़ी और विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायी मानी जा रही है।
