बीजापुर। फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के बड़ेआलवाड़ा जंगल-पहाड़ी इलाके में पुलिस ने सर्चिंग के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। कार्रवाई थाना फरसेगढ़, डीआरजी बीजापुर और बीडीएस टीम की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बड़ेआलवाड़ा के जंगल में सर्चिंग अभियान चलाया गया था। इस दौरान छिपाकर रखी सामग्री बरामद हुई। बीडीएस टीम ने आवश्यक सुरक्षा प्रक्रिया और डिमाइनिंग के बाद सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लिया।
बरामद सामग्री में 315 बोर का देशी कट्टा, 315 बोर के 49 जिंदा राउंड, 303 रायफल के 25 जिंदा राउंड, 12 बोर के 34 कारतूस, 303 रायफल के पार्ट्स, 8 किलो जिलेटिन, छह वॉकी-टॉकी सेट और एक मेन पैक सेट शामिल हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक व कॉपर वायर, डेटोनेटर वायर, क्लच वायर, बैटरी, सेल, स्विच, सॉकेट समेत अन्य विस्फोटक सामग्री और उपकरण भी मिले हैं।
पुलिस ने बरामद सामग्री को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
