रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर में राज्य निर्वाचन आयुक्तों का 32वां अखिल भारतीय सम्मेलन बुधवार से शुरू हुआ। दो दिवसीय सम्मेलन का शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका ने किया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह, स्थायी समिति के अध्यक्ष विजय देव, संयोजक सुधांशु पांडे और मुख्य सचिव विकासशील उपस्थित रहे। राज्यपाल ने ‘छत्तीसगढ़ लोकल बॉडी इलेक्शन ईयर बुक-2026’ के प्रथम संस्करण का विमोचन भी किया।
सम्मेलन में देशभर से पहुंचे राज्य निर्वाचन आयुक्तों ने स्थानीय लोकतंत्र, त्रिस्तरीय पंचायतों और नगरीय निकायों के चुनाव को अधिक पारदर्शी, समावेशी, विश्वसनीय और सहभागी बनाने पर चर्चा की। विभिन्न राज्यों ने निर्वाचन प्रक्रिया में तकनीक के इस्तेमाल, ईवीएम ट्रैकिंग, परिसीमन और डिजिटल चुनाव प्रबंधन से जुड़े अनुभव साझा किए।
छत्तीसगढ़ की ओर से ‘राज्य गठन के बाद नक्सल प्रभावित बस्तर में 25 वर्षों में स्थानीय लोकतंत्र की प्रगति’ विषय पर प्रस्तुति दी गई। इसमें बस्तर की भौगोलिक चुनौतियों और सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों के बीच स्थानीय चुनाव कराने के अनुभव साझा किए गए। बताया गया कि 2025 में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव बस्तर सहित पूरे प्रदेश में शांतिपूर्वक संपन्न हुए और किसी स्थान पर पुनर्मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी।
सम्मेलन में मध्य प्रदेश, बिहार, राजस्थान और केरल ने डिजिटल तकनीक से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रस्तुतियां दीं। Princeton University के विशेषज्ञ सहित ईसीआईएल और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के विशेषज्ञों ने भी निर्वाचन तकनीक और ईवीएम से संबंधित जानकारी साझा की।
