गरियाबंद। छुरा पुलिस ने रसेला-खरखरा मार्ग पर देवरी धामनडीह तिराहा के पास नाकाबंदी कर बाइक सवार तीन लोगों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 8 नग चमकीले पत्थर बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने कथित हीरा बताया है। पुलिस के अनुसार इनकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बाइक और तीन मोबाइल फोन समेत कुल करीब 1.83 लाख रुपये का सामान जब्त किया है। मामले में लिलेश्वर नायक, हेमकुमार यादव और पुरण नायक को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ और कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बरामद पत्थरों की वास्तविक प्रकृति और पुष्टि संबंधित जांच के बाद स्पष्ट होगी।
