20 रुपये की शराब को लेकर हुआ विवाद, लकड़ी के छिलका/खोटला से सिर पर किया वार
दंतेवाड़ा। जिले के बारसूर थाना क्षेत्र के ग्राम हितामेटा राऊतपारा में शराब को लेकर हुए विवाद में एक नाबालिग बालक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक 27 सितंबर की शाम करीब 6 बजे बालक घर से गांव के पारा में घूमने निकला था। रात करीब 8 बजे वह बुधराम पोडियामी के घर पहुंचा, जहां शराब को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपी बुधराम पोडियामी ने लकड़ी के छिलका/खोटला से बालक के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण बालक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बारसूर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए।
विवेचना के दौरान आरोपी द्वारा शराब को लेकर हुए विवाद में बालक पर लकड़ी से हमला करने की बात सामने आई। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का छिलका/खोटला भी बरामद कर जब्त किया गया।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 17/2026 में धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी बुधराम पोडियामी (44), पिता हिड़मा राम, निवासी हितामेटा राऊतपारा को 28 सितंबर को गिरफ्तार किया। आरोपी को दंतेवाड़ा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसपी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने हत्या की सूचना मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त लकड़ी भी बरामद कर जब्त की गई है।
