संगीत, छत्तीसगढ़ी सिनेमा, राजनीति और लोकसंस्कृति पर छात्रों से साझा करेंगे अनुभव
रायपुर। धरसींवा विधायक, अभिनेता, गायक एवं पद्मश्री सम्मानित अनुज शर्मा को देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मद्रास, चेन्नई में आयोजित विशेष EML/Mural Lecture Series में मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया है। 3 अक्टूबर को होने वाले इस व्याख्यान में अनुज शर्मा तकनीकी छात्रों के साथ संगीत, छत्तीसगढ़ी सिनेमा, राजनीति और अपने जीवन के अनुभव साझा करेंगे।
वे छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति को वैश्विक मंच तक पहुंचाने तथा कला के माध्यम से सामाजिक बदलाव में कलाकार की भूमिका पर भी अपने विचार रखेंगे। IIT मद्रास की इस व्याख्यान श्रृंखला में पूर्व में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, कैलाश सत्यार्थी, दलाई लामा, जावेद अख्तर, एआर रहमान और एसएस राजामौली जैसी हस्तियां भी शामिल हो चुकी हैं।
अनुज शर्मा इससे पहले IIM, जोश टॉक, प्रशासन अकादमी, रोल बोल, पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर बेसिक साइंसेज और कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में भी व्याख्यान दे चुके हैं।
आयोजकों के अनुसार, EML व्याख्यान का उद्देश्य तकनीकी छात्रों को भारतीय कला, संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्ति से जोड़ना है। अनुज शर्मा इस कार्यक्रम में आमंत्रित होने वाले पहले छत्तीसगढ़ी व्यक्तित्व बताए गए हैं। उन्हें वर्ष 2014 में कला के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
