रायपुर, 10 जून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए एक पत्र के माध्यम से छत्तीसगढ़ के विकास में केंद्र सरकार के अभूतपूर्व सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी और जनकल्याणकारी नेतृत्व ने राज्य के विकास को नई गति दी है तथा अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में नक्सल उन्मूलन, अधोसंरचना विकास, कृषि, आदिवासी कल्याण, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और डिजिटल कनेक्टिविटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में केंद्र सरकार के सहयोग का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए विशेष केंद्रीय सहायता (एससीए), विशेष अधोसंरचना योजना (एसआईएस), आधुनिक हथियार, जंगल वारफेयर प्रशिक्षण और एयर सपोर्ट जैसी पहलें राज्य के लिए बेहद लाभकारी रही हैं।
उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों में हजारों करोड़ रुपये की लागत से सड़कों और पुलों का निर्माण स्वीकृत किया गया है, जिससे बस्तर सहित दूरस्थ क्षेत्रों में विकास और सुरक्षा दोनों को मजबूती मिली है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्यों की केंद्रीय करों में हिस्सेदारी बढ़ने से छत्तीसगढ़ को वित्तीय स्वायत्तता मिली है और बीते 12 वर्षों में राज्य को केंद्रीय करों एवं विभिन्न योजनाओं के तहत लाखों करोड़ रुपये की सहायता प्राप्त हुई है।
सड़क, ग्रामीण विकास और आवास योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत लाखों परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में अहम योगदान दिया है।
कृषि क्षेत्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को किसानों के लिए बड़ी राहत बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लाखों किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता का लाभ मिला है। खाद्य सुरक्षा, उज्ज्वला योजना और गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को व्यापक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने आदिवासी विकास, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, कौशल विकास, स्वरोजगार और आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं एवं युवाओं के सशक्तिकरण में केंद्र सरकार की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया, पीएम सूर्यघर योजना, मोबाइल टावर विस्तार और भूमि अभिलेखों के डिजिटलीकरण जैसी पहलों ने प्रदेश में सुशासन और पारदर्शिता को नई दिशा दी है।
पर्यटन, खेल, हस्तशिल्प और ग्रामोद्योग के क्षेत्र में भी केंद्र सरकार के सहयोग का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेश दर्शन, प्रसाद योजना, खेलो इंडिया और प्रस्तावित पीएम एकता मॉल जैसी परियोजनाएं छत्तीसगढ़ को नई पहचान दिलाने में सहायक होंगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पत्र के अंत में छत्तीसगढ़ की साढ़े तीन करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में केंद्र सरकार का सहयोग और मार्गदर्शन भविष्य में भी इसी प्रकार मिलता रहेगा।
