रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने पंडितों के चरण पखारकर लिया आशीर्वाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्र की समृद्धि के लिए हुआ यज्ञ-हवन
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रायपुर उत्तर विधानसभा की ओर से गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, हवन एवं धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के सफल कार्यकाल और देश की उन्नति के लिए विशेष प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा ने भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्र की निरंतर प्रगति की कामना की। आयोजन का मुख्य आकर्षण मोदी सरकार के 12 स्वर्णिम वर्षों के प्रतीक स्वरूप 12 विद्वान पंडितों का सम्मान रहा। विधायक मिश्रा ने पंडितों के चरण पखारकर उनका आशीर्वाद लिया तथा उन्हें शॉल, श्रीफल और दक्षिणा भेंट कर सम्मानित किया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष यज्ञ एवं हवन का आयोजन किया गया, जिसमें राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति, विकास और जनकल्याण की कामना की गई। कार्यक्रम में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, आरती, दीप प्रज्वलन और प्रसाद वितरण भी हुआ।
इस मौके पर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तीकरण, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व पटल पर एक सशक्त और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है तथा विकसित भारत के संकल्प को नई गति मिली है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, निगम-मंडल अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, शशांक शर्मा, मोना सिंह, डॉ. वर्णिका शर्मा, अमरजीत सिंह छाबड़ा, प्रफुल्ल विश्वकर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, जिला महामंत्री अमित शाह मैसरी, गुंजन प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष अकबर अली, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष कृतिका जैन, मंडल अध्यक्ष राम प्रजापति, दलविंदर सिंह बेदी, संदीप जंघेल, जितेन्द्र गांडेचा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
