रायगढ़।
रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने घरेलू विवाद के दौरान अपने पति के गुप्तांग को दांतों से काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके प्राइवेट पार्ट में 7 से 8 टांके लगाए गए हैं। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम बनेकेला निवासी 33 वर्षीय अनिल राठिया राजमिस्त्री का काम करता है। उसकी शादी करीब 13 साल पहले हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। रविवार दोपहर करीब 1 बजे उसकी पत्नी बिमला राठिया का अपनी ननंद से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। झगड़ा बढ़ने पर अनिल ने बीच-बचाव किया। बताया जा रहा है कि उस वक्त वह शराब के नशे में था।
बीच-बचाव के दौरान पति-पत्नी में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान गुस्से में बिमला ने अपने पति के प्राइवेट पार्ट पर दांतों से काट लिया। गंभीर चोट लगने पर परिजन तुरंत अनिल को लैलूंगा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज किया गया।
इलाज के बाद अनिल ने थाना लैलूंगा में पहुंचकर पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला बिमला राठिया को गिरफ्तार कर लिया है।
