Advertisement Carousel

कोल लेवी केस में देवेंद्र यादव को EOW का नोटिस

5 अक्टूबर को विशेष अदालत में पेश होने के निर्देश, आरोप पत्र पेश करने की तैयारी

भिलाई। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित करीब 540 करोड़ रुपये के कथित कोल लेवी मामले में भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव को आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने नोटिस जारी किया है। EOW ने उन्हें 5 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे रायपुर की विशेष अदालत में पेश होने के निर्देश दिए हैं। जांच एजेंसी मामले में जांच पूरी कर आरोप पत्र पेश करने की तैयारी में जुटी है।

बताया गया है कि सितंबर के अंतिम सप्ताह में भी देवेंद्र यादव से EOW कार्यालय में दो घंटे से अधिक समय तक पूछताछ हुई थी। जांच के दौरान सूर्यकांत तिवारी से संबंधित डायरी और अन्य दस्तावेजों में देवेंद्र यादव के नाम तथा कथित लेन-देन से जुड़े उल्लेख सामने आने की बात एजेंसी की ओर से कही गई है। इन्हीं बिंदुओं को लेकर उनसे पूछताछ की गई थी।

वहीं, देवेंद्र यादव ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि कोल लेवी मामले से उनका कोई संबंध नहीं है और उनके नाम को गलत तरीके से प्रकरण से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने जांच एजेंसी के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए आरोपों से इनकार किया है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच कोयला परिवहन की अनुमति प्रक्रिया में बदलाव के बाद कथित तौर पर प्रति टन कोयले पर 25 रुपये की अवैध वसूली की गई। आरोप है कि इस माध्यम से करीब 540 करोड़ रुपये की राशि जुटाई गई। EOW ने इस मामले में जनवरी 2024 में अपराध दर्ज किया था। अब 5 अक्टूबर को विशेष अदालत में होने वाली कार्यवाही के दौरान मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!