बलरामपुर। शिक्षक से 10 हजार रुपये मांगने और पैसे नहीं देने पर वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने यूट्यूबर दीपक यादव समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामला पस्ता थाना क्षेत्र के शासकीय प्राथमिक स्कूल पुटसु का है। शिकायतकर्ता शिक्षक ने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने फाउंडेशन के नाम पर 10 हजार रुपये मांगे थे। रुपये नहीं देने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और नौकरी से निलंबित कराने की धमकी दी गई थी।
हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद दीपक यादव, श्रवण यादव और सूर्या यादव ने 14 अक्टूबर को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। इसके बाद न्यायालय की अनुमति लेकर पस्ता पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार किया और जेल भेज दिया।
बलरामपुर पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की अपील की है।
