28 और 29 अक्टूबर को बिगड़ सकता है मौसम, यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति जांचने की अपील
रायपुर, 27 अक्टूबर। चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में 28 और 29 अक्टूबर को भारी से अति भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने रेल यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सतर्कता बरतने और यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।
रेलवे के अनुसार, यात्रियों तक मौसम और रेल परिचालन से जुड़ी सूचनाएं पहुंचाने के लिए स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली, डिस्प्ले बोर्ड, डिजिटल स्क्रीन और आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जा रहा है।
रेलवे ने यात्रियों को पर्याप्त समय लेकर स्टेशन पहुंचने, अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने और रेलवे ट्रैक से दूर रहने की सलाह दी है। बारिश के कारण प्लेटफॉर्म, सीढ़ियों और फुट ओवरब्रिज पर फिसलन की आशंका को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
यात्रियों को मोबाइल फोन चार्ज रखने तथा जरूरी दवाइयां, पीने का पानी और आपातकालीन संपर्क संबंधी जानकारी साथ रखने की सलाह भी दी गई है। ट्रेन के मार्ग परिवर्तन, देरी या निरस्तीकरण से संबंधित जानकारी के लिए रेलवे ने केवल आधिकारिक माध्यमों पर भरोसा करने की अपील की है।
रेलवे प्रशासन ने कहा है कि संभावित खराब मौसम के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है।

