Advertisement Carousel

त्योहारों से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार प्रतिष्ठानों पर छापा; तीन के लाइसेंस निलंबित

मिठाई दुकानों से लेकर ब्रेड फैक्ट्री तक मिली गंदगी; दूध में कीड़े और परिसर में घूमते मिले चूहे, बड़ी मात्रा में मिठाई-ब्रेड नष्ट, हजारों किलो खाद्य सामग्री जब्त

रायपुर, 31 अक्टूबर। त्योहारों के सीजन में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने शुक्रवार को टीम के साथ बिरगांव, समता कॉलोनी, रामकृष्ण हॉस्पिटल के पास और कमल विहार स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगहों पर खाद्य सामग्री के निर्माण और भंडारण में गंभीर लापरवाही सामने आई। कार्रवाई के बाद तीन प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए, जबकि बड़ी मात्रा में मिठाई और ब्रेड नष्ट कराने के साथ खाद्य सामग्री जब्त की गई।

बिरगांव स्थित खत्री स्वीट्स में मिठाई बनाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे दूध में कीड़े तैरते मिले। मिठाई निर्माण की परिस्थितियां भी बेहद अस्वच्छ पाई गईं। टीम ने काजू, बूंदी, शक्कर और मिल्क केक के नमूने लिए। मौके पर करीब 80 लीटर दूध, 3 किलो केक और 20 किलो चमचम सहित अन्य सामग्री नष्ट कराने की कार्रवाई की गई।

समता कॉलोनी स्थित लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स (ब्रेड बास्केट) में हालात और चिंताजनक मिले। परिसर में चूहे घूमते पाए गए और स्टोर रूम में गंदगी मिली। खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने पर करीब 80 किलो ब्रेड नष्ट कराई गई।

वहीं, रामकृष्ण हॉस्पिटल के पास स्थित अग्रवाल मिठाई वाला में मिठाई निर्माण स्थल पर गंदगी मिली। यहां से बेसन, लड्डू और घी के नमूने लिए गए। इसके अलावा 100 किलो बालूशाही, 25 किलो रसगुल्ला, 10 किलो काजू खोवा, 5 किलो दूध खोवा, 25 किलो खोवा-काजू मिक्स और चाट मसाले के चार पैकेट सहित विभिन्न खाद्य सामग्री नष्ट कराने की कार्रवाई की गई।

कमल विहार स्थित कृष्णा स्वीट्स बिना खाद्य अनुज्ञप्ति के संचालित मिला। यहां से कुन्दा और मैसूर पाक के नमूने लिए गए। विभाग ने 720 किलो डिलिशियस स्वीट्स, 112 किलो मैसूर पाक और 3,960 किलो कुन्दा जब्त किया।

विभाग ने खत्री स्वीट्स, लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स और अग्रवाल मिठाई वाला के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। तीनों प्रतिष्ठानों को स्वच्छता मानकों का पूर्ण पालन होने तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!