बैलाडीला बुल्स को 3-1 से हराकर मैनपाट ने बनाई जगह; अंडरडॉग संस्कारधानी ने न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से दी करारी शिकस्त
रायपुर, 31 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के फाइनल मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है। खिताबी जंग में अब मैनपाट टाइटन्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स आमने-सामने होंगी। शनिवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में मैनपाट टाइटन्स ने बैलाडीला बुल्स को 3-1 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। वहीं, पहले सेमीफाइनल में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से शिकस्त दी।

दूसरे सेमीफाइनल में मैनपाट टाइटन्स और बैलाडीला बुल्स के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मैनपाट की ओर से संदीप कुमार ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद प्रिंस भगत ने शानदार डिफ्लेक्शन के जरिए गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। प्रिंस ने मैच में अपना दूसरा गोल भी किया और टीम की बढ़त मजबूत कर दी। बैलाडीला की ओर से अंकित कुजूर ने अंतिम क्षणों में एक गोल किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। मुकाबला मैनपाट ने 3-1 से अपने नाम किया।
इससे पहले खेले गए पहले सेमीफाइनल में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने दमदार खेल दिखाते हुए न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से हराया। मुकाबले में दोनों टीमों के बीच शुरुआत से ही तेज रफ्तार और रोमांच देखने को मिला। शाहरुख ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक लगाई। वहीं आशीष तानी पूर्ति ने पेनल्टी कॉर्नर से अपना 13वां गोल दागकर टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया। आर्यन ज़ेस, ओम कुमार यादव और निशांत तिर्की ने भी टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
दूसरे सेमीफाइनल को देखने उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव, विधायक अनुज शर्मा सहित खेल, प्रशासन, मीडिया और विभिन्न संस्थानों से जुड़े कई गणमान्य अतिथि स्टेडियम पहुंचे। अब हॉकी प्रेमियों की नजरें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां मैनपाट टाइटन्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स खिताब के लिए भिड़ेंगी।
