एकता नगर की राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में बस्तर के साहस और संघर्ष की गूंज | महिला कमांडो के शानदार मार्च पास्ट की उप मुख्यमंत्री ने की सराहना
रायपुर, 4 नवंबर 2026। गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले पुलिस अधिकारियों से उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जवानों के साहस, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए परेड के अनुभवों को जाना। उप मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों के साथ भोजन भी किया।
विजय शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में छत्तीसगढ़ के जवानों की सहभागिता प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण क्षण रही। उन्होंने बताया कि परेड का सीधा प्रसारण देखते हुए जवानों का आत्मविश्वास और अनुशासन देखकर वे भावुक एवं गर्वित हुए। जवानों ने राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ के साहस, संघर्ष और बदलते बस्तर की पहचान प्रस्तुत की।
बस्तर की महिला कमांडो ने दिखाया नारी शक्ति का दम
उप मुख्यमंत्री ने बस्तर फाइटर्स की महिला कमांडो के शानदार मार्च पास्ट की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बस्तर की बेटियों ने आत्मविश्वास, जोश और दृढ़ता के साथ पूरे देश को अपनी शक्ति और सामर्थ्य का परिचय दिया। कभी नक्सल हिंसा और भय के लिए पहचाने जाने वाले क्षेत्रों की महिलाएं आज राष्ट्रीय मंच पर अपने साहस का प्रदर्शन कर रही हैं। यह बदलते बस्तर की प्रेरणादायक तस्वीर है।
संघर्ष से शांति और विकास की ओर बढ़ता बस्तर
परेड में शामिल अधिकारियों ने एकता नगर के अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस प्रदर्शन के लिए उन्होंने कठिन अभ्यास और मेहनत की थी। देशभर के सुरक्षा बलों के साथ मंच साझा करना उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा। जवानों ने कहा कि राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ पुलिस, बस्तर के सुरक्षा बलों और नक्सलवाद के विरुद्ध संघर्ष में उनके योगदान को प्रस्तुत करना गर्व का क्षण था।
विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के सुरक्षा बलों ने कठिन परिस्थितियों में साहस और बलिदान के साथ नक्सलवाद के विरुद्ध लड़ाई लड़ी है। आज बस्तर भय और हिंसा के अतीत से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस परिवर्तन में जवानों की भूमिका सदैव याद रखी जाएगी।
इन अधिकारियों ने निभाई अहम जिम्मेदारी
राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में डीएसपी बृज किशोर यादव ने द्वितीय कमान अधिकारी की जिम्मेदारी निभाई। डीएसपी जितेंद्र कुम्भकार आरक्षित टू-आईसी रहे। डीएसपी कुलदीप बंजारे ने डीआरजी पुरुष टुकड़ी का नेतृत्व किया, जबकि शरद जायसवाल आरक्षित कमांडर रहे।
डीएसपी सुश्री अमृता पैकरा ने डीआरजी एवं बस्तर फाइटर्स की महिला टुकड़ी का नेतृत्व किया। सुश्री कविता ध्रुव महिला टुकड़ी की आरक्षित कमांडर रहीं। डीएसपी प्रवीण भारती एसटीएफ टुकड़ी के आरक्षित अधिकारी रहे।
उप मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनका साहस, अनुशासन और समर्पण प्रदेश के पुलिसकर्मियों तथा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले इन जवानों का प्रदर्शन प्रदेश की वीरता और मजबूत संकल्प का प्रतीक बना।
