Advertisement Carousel

कांग्रेस की लोकतंत्र विरोधी राजनीति को जनता दे रही जवाब : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

जशपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा एवं सभा में शामिल हुए मुख्यमंत्री, कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और कुशासन के लगाए आरोप

जशपुर/रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर लोकतंत्र को कमजोर करने और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा एवं सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता का विश्वास और जनादेश है। कांग्रेस अपनी राजनीतिक विफलताओं को स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है, लेकिन जागरूक जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब दे रही है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस ने लगभग 55 वर्षों तक केंद्र की सत्ता में रहने के बावजूद जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास नहीं किया। कांग्रेस शासनकाल में भ्रष्टाचार, घोटालों और कुशासन के कारण जनता का विश्वास कमजोर हुआ। उन्होंने कोयला और जमीन से जुड़े घोटालों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस को अपनी राजनीतिक असफलताओं पर आत्ममंथन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है। जनता का विश्वास हासिल करने के लिए उसके बीच रहकर काम करना और उसकी समस्याओं का समाधान करना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश आतंकवाद के विरुद्ध अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दे रहा है।

जनकल्याणकारी योजनाओं से बदल रही प्रदेश की तस्वीर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ भी विकसित राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और जनजातीय समाज के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों के पक्के मकानों के निर्माण, किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी और महतारी वंदन योजना के अंतर्गत महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं पैदा कर रहा है।

कार्यकर्ताओं को जनसेवा का आह्वान

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन राज्य के विकास को नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है। उन्होंने संगठन की शक्ति को समर्पित कार्यकर्ता बताते हुए सभी से जनता के बीच रहकर जनसेवा और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!