Advertisement Carousel

स्वच्छता में छत्तीसगढ़ का डंका! रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को करेंगी सम्मानित, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई

रायपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत प्रदेश के तीन शहरों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन हुआ है। आगामी 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु इन शहरों को सम्मानित करेंगी। तीन शहरों को एक साथ राष्ट्रीय पहचान मिलने से प्रदेश में उत्साह का माहौल है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और सफाई मित्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान हजारों सफाई मित्रों के अथक परिश्रम और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम है। स्वच्छता अब केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से संचालित जनआंदोलन बन चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक शहर को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और सुविधाजनक बनाना है। स्वच्छता नागरिकों के स्वास्थ्य, सम्मान और बेहतर जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान से देश में स्वच्छता के प्रति नई चेतना जागृत हुई है।

वहीं, उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को मिलने वाला राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों के लिए प्रेरणा बनेगा। उन्होंने स्वच्छता को शहरों की कार्यसंस्कृति और नागरिकों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने तीनों शहरों के चयन की औपचारिक जानकारी राज्य सरकार को पत्र के माध्यम से दी है। राष्ट्रीय समारोह में सफाई मित्रों और मैदानी कर्मचारियों को भी विशेष महत्व दिया जाएगा।

तीन शहरों की यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ की स्वच्छता व्यवस्था को राष्ट्रीय पहचान देने के साथ ही प्रदेश के अन्य शहरों में बेहतर प्रदर्शन और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को नई गति देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!