मुख्यमंत्री बोले– दीपावली प्रेम, सद्भाव और नई आशाओं का पर्व, छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति हमारी गौरवशाली पहचान
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को लोकभवन में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य मुलाकात कर दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दीपावली का पावन पर्व जीवन में प्रेम, उत्साह, सद्भाव और नई आशाओं का संचार करता है। यह त्योहार हमें आपसी भाईचारे, एकता और सामाजिक समरसता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि आपसी संबंधों में मिठास और सकारात्मकता बढ़ाने का भी अवसर है।
मुख्यमंत्री ने समारोह में प्रस्तुत छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला, पारंपरिक प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति प्रदेश की विशिष्ट और गौरवशाली पहचान है। यहां के तीज-त्योहार और परंपराएं सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ सांस्कृतिक मूल्यों को भी सहेजने का कार्य करती हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समस्त प्रदेशवासियों को दीपावली की पुनः शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
