बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का राष्ट्रीय सम्मान के लिए चयन, 20 नवंबर को नई दिल्ली में होगा पुरस्कार वितरण
रायपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि मिली है। भारत सरकार के केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ के लिए छत्तीसगढ़ राज्य सहित तीन नगरीय निकायों का चयन किया है। इस तरह प्रदेश को कुल चार राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने जा रहे हैं।
राष्ट्रीय सम्मान के लिए बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा नगरीय निकायों का चयन किया गया है। आगामी 20 नवंबर को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में इन पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य और चयनित नगरीय निकायों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत छत्तीसगढ़ को चार राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना गौरव का विषय है। यह सम्मान नगरीय निकायों के बेहतर कार्यों और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस महत्वाकांक्षी योजना से छोटे व्यवसायियों और रेहड़ी-पटरी पर कारोबार करने वाले लोगों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। यह सम्मान नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और अधिक प्रतिबद्धता से काम करने की प्रेरणा देगा।
दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल होगा शामिल
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने पत्र के माध्यम से पुरस्कारों के लिए चयन की जानकारी दी है। भारत सरकार ने राज्य शासन और संबंधित नगरीय निकायों के दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को सम्मान समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
20 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को सम्मानित किया जाएगा। यह उपलब्धि प्रदेश में शहरी आजीविका और छोटे कारोबारियों के आर्थिक सशक्तीकरण के प्रयासों को नई पहचान देने वाली है।
