Advertisement Carousel

जशपुर के 5 आदिवासी युवा हासिल करेंगे अंतरराष्ट्रीय पहचान, अमेरिका की संस्था देगी रॉक क्लाइंबिंग का प्रशिक्षण

हिमालय की 5,340 मीटर ऊंची चोटी पर फहरा चुके हैं सफलता का परचम, दिसंबर में बेंगलुरु में मिलेगा अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण

रायपुर, 21 नवंबर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पांच आदिवासी युवा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रॉक क्लाइंबिंग गाइड के रूप में अपनी पहचान बनाने जा रहे हैं। अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था प्रोफेशनल क्लाइंबिंग गाइड्स इंस्टीट्यूट (PCGI) के प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए इन युवाओं का चयन हुआ है। दिसंबर में बेंगलुरु में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान उन्हें आधुनिक क्लाइंबिंग तकनीक, सुरक्षा मानकों और पेशेवर गाइडिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

चयनित युवाओं में तेजल भगत, रुसनाथ भगत, सचिन कुजूर, प्रतीक नायक और रवि सिंह शामिल हैं। प्रशिक्षण और मूल्यांकन के बाद चार युवाओं को लेवल-1 और एक को उन्नत लेवल-2 प्रमाणन मिलने की उम्मीद है।

इन युवाओं ने वर्ष 2025 में हिमाचल प्रदेश की पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला में 5,340 मीटर ऊंचे जगत्सुख-1 शिखर पर सफल चढ़ाई कर नया मार्ग तैयार किया था। इस मार्ग का नाम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सम्मान में ‘विष्णु देव रूट’ रखा गया था।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि स्थानीय युवाओं की प्रतिभा और सामुदायिक भागीदारी से जशपुर को वैश्विक साहसिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है।

इस पहल से जशपुर में रॉक क्लाइंबिंग और एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय आदिवासी युवाओं के लिए गाइड, प्रशिक्षक और पर्यटन उद्यमी के रूप में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!