रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी 22 और 23 नवंबर को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे संगठनात्मक बैठकों के साथ युवाओं, खिलाड़ियों और विभिन्न क्षेत्रों के युवा प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डॉ. जोशी 22 नवंबर की रात 9 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचेंगे। यहां प्रेस ब्रीफिंग के बाद युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद बाइक रैली निकाली जाएगी। रैली के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।
23 नवंबर को सुबह 7:30 बजे साइंस कॉलेज में खिलाड़ियों से संवाद, 8:30 बजे अग्रसेन भवन में युवती संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। सुबह 11 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजयुमो की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में भाग लेंगे। दोपहर 2 बजे रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय में युवा जोहार कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करेंगे।
इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों के प्रभावशाली युवाओं और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं से नक्सल मुक्त बस्तर को लेकर विशेष चर्चा करेंगे। शाम को कार्यकर्ता गृह संपर्क कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। रात 8 बजे वे दिल्ली रवाना होंगे।
कार्यसमिति बैठक में दिग्गज नेता होंगे शामिल
भाजयुमो की प्रदेश कार्यसमिति बैठक 22 एवं 23 नवंबर को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित होगी। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित प्रदेश सरकार के मंत्री और युवा मोर्चा के पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।
