11वें ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए सीएम, बोले- छत्तीसगढ़ और तेलुगु समाज का रिश्ता आत्मीयता और विश्वास का
रायपुर, 21 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास और समृद्धि में तेलुगु समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। समाज के लोगों ने व्यापार, शिक्षा, उद्योग और सामाजिक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, परिश्रम और उद्यमशीलता से विशिष्ट पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री शनिवार को राजधानी के देवेंद्र नगर स्थित श्री बालाजी विद्या मंदिर में आयोजित 11वें ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-2026 में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ और तेलुगु समाज के बीच दशकों पुराना आत्मीय संबंध है। समाज ने अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए छत्तीसगढ़ को अपनी कर्मभूमि बनाया है। उन्होंने आंध्रा एसोसिएशन की 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि यह सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक संरक्षण और सेवा भावना का प्रेरणादायी उदाहरण है।
सीएम साय ने कहा कि भिलाई स्टील प्लांट सहित प्रदेश के औद्योगिक संस्थानों में तेलुगु समाज के इंजीनियरों, प्रबंधकों और तकनीकी विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने रायपुर-विशाखापत्तनम सड़क परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे दोनों राज्यों के बीच व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने मातृभाषा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर देते हुए सम्मेलन के आयोजन के लिए आंध्रा एसोसिएशन को बधाई दी। कार्यक्रम में कलाकारों और विद्यार्थियों ने तेलुगु समाज की समृद्ध लोककला एवं परंपराओं पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे सहित आंध्रा एसोसिएशन के पदाधिकारी और समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
