रायपुर / मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने युवाओं और प्रबुद्धजनों की भागीदारी से प्रदेश की युवा नीति बनाने का निर्णय लिया है। उनके निर्देशों के अनुरूप इसके लिए युवाओं से विचार और सुझाव ऑन लाइन आमंत्रित किए गए हैं। डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य होगा, जो अपने युवाओं की भागीदारी से युवा नीति तैयार कर रहा है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों और राज्य के सांसदों तथा विधायकों को पत्र लिखकर सहयोग का आव्हान किया है।
राज्य योजना आयोग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि युवा नीति निर्माण से पहले अधिक से अधिक संख्या में युवाओं और नागरिकों के विचार संकलित करने के लिए राज्य योजना आयोग ने ‘युवा’ वेबसाइट (पोर्टल) बनाकर उसका मोबाइल एप भी तैयार कर लिया है, जो युवाओं तथा आम नागरिकों के लिए गूगल प्ले स्टोर में उपलब्ध है। इस मोबाइल एप को अपने मोबाइल फोन पर “https://play.google.com/store/apps/details?id=com.wes.youth” लिंक में जाकर डाउनलोड किया जा सकता है। इसमें कोई भी युवा और आम नागरिक ‘प्रदेश की युवा नीति कैसे हो’ विषय पर अपने विचार और सुझाव साझा कर सकते हैं।युवा नीति तैयार करने के लिए प्रदेश सरकार के खेल और युवा कल्याण विभाग को नोडल विभाग के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गयी है। विभाग द्वारा यह कार्य राज्य योजना आयोग के सहयोग से किया जा रहा है। इसके अलावा प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और स्कूल शिक्षा विभाग, पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को भी युवा नीति निर्माण की प्रक्रिया में भागीदार बनाया गया है। युवाओं के विचारों और सुझावों को संकलित करने के लिए राज्य में युवा दृष्टि अभियान जनवरी 2016 से शुरू हो गया है। इस अभियान के तहत स्नातक और स्नातकोत्तर कॉलेजों, इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेजों, कृषि महाविद्यालयों सहित विकासखण्डों में संचालित स्वामी विवेकानंद युवा प्रोत्साहन केन्द्रों में कार्यशालाएं भी आयोजित की जा रही हैं। हायर सेकेण्डरी स्कूलों के विद्यार्थियों के विचार जानने के लिए स्कूल स्तर पर निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। निकट भविष्य में जिला स्तर पर युवा सम्मेलन के रूप में भी कार्यशाला आयोजित तैयारी की जा रही है। युवा दृष्टि अभियान के नाम से एक मार्गदर्शिका भी प्रकाशित की गयी है। इसके माध्यम से मास्टर ट्रेनरों द्वारा युवाओं को वेबसाइट पर अपने विचार रखने की प्रक्रिया की जानकारी दे रहे हैं।
राज्य योजना आयोग के अधिकारियों के अनुसार युवा नीति बनाने की प्रक्रिया में चार प्रमुख बिन्दुओं की पहचान की गयी है। जो शिक्षा में रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता और स्वैच्छिकता से संबंधित हैं। इन्हीं बिन्दुओं पर युवाओं और आम नागरिकों से विचार और सुझाव देने की अपील की गयी है। वेबसाइट और मोबाइल एप में युवाओं से पूछा गया है कि शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों से क्या वे परिचित हैं और क्या वे इनके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की कठिनाई महसूस करते हैैं ? शासकीय योजनाओं को और भी अधिक बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए क्या कुछ किया जा सकता है, इस पर भी युवाओं से सुझाव देने का अनुरोध किया गया है।
क्रमांक-92
