उत्तर प्रदेश /
वैसे तो आपने तलाक के पीछे की कई वजहों के बारे में पढ़ा और सुना होगा, लेकिन उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक शख्स ने अपनी पत्नी को सिर्फ इसलिए तलाक दे दिया क्योंकि उसने सीएम योगी और पीएम मोदी का नाम लेकर अपने खिलाफ हो रही ज्यादतियों का विरोध किया था।
इतना ही नहीं, तलाक देने के बाद ससुरालवालों ने पीड़िता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। फिलहाल महिला की शिकायत पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में पति समेत सास ससुर के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं आरोपी पति फरार है।
मामला रौजा थाना क्षेत्र के मोहल्ला लोधीपुर का है, जहां रुकैया की शादी मोहल्ले के ही इमरान खान से हुई थी। पीड़ित रुकैया ने बताया कि शादी के चार दिन बाद ही उसे दहेज कम देने के लिए ताने मिलने लगे थे।
उसके बाद जब उसने एक बेटी को जन्म दिया तो उसके साथ मारपीट शुरू हो गई। रुकैया ने बताया कि चार दिन पहले उसके पति, सास और ससुर ने इतना पीटा की वह अधमरी हो गई। इतना ही नहीं उसे फटे कपड़ों में ही घर से बाहर फेंक दिया और तलाक देने की बात कही।
इसके बाद जब पीड़िता ने अपने पति से कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तलाक खत्म कर दिया है, अब तुम्हारे बोल देने से तलाक नही होगा। उसके बाद उसने उसे तीन तलाक बोलकर कहा कि अब जाओ अपने मोदी और योगी के पास।
भले ही सुप्रीम कोर्ट ने तीन तलाक की प्रथा को असंवैधानिक करार दिया हो, लेकिन महिलाएं अभी भी इस तीन शब्दों की धमकी का शिकार हो रही हैं। साथ ही सचाई ये है कि महिलाएं अब इस तलाक को बिल्कुल भी मानने को तैयार नहीं हैं। यही वजह है कि जब पीड़िता को तलाक देकर घर से निकाला गया तो उसने पुलिस में इसकी शिकायत कर एफआईआर दर्ज करवाई है। वहीं आरोपी पति फरार है। सौजन्य न्यूज़18…
