नई दिल्ली / बैंक ऑफ बड़ौदा की शिकायत पर सीबीआई ने कंपनी के डायरेक्टर्स विक्रम कोठारी, साधना कोठारी, राहुल कोठारी और अज्ञात बैंक अधिकारियों के खिलाफ कर्ज भुगतान नहीं करने का मामला दर्ज किया है।
रोटोमैक ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी पर सीबीआई का शिकंजा लगातार कस रहा है। जो ताजा आंकड़े आए हैं उसके मुताबिक रोटोमैक कंपनी के मालिक विक्रम कोठारी ने 7 अलग-अलग सरकारी बैंकों से 2,919 करोड़ रूपए का लोन लिया लेकिन उसे चुकाया नहीं। अब तकरीबन एक साल में ब्याज मिलाकर कोठारी पर कुल रकम 3,695 करोड़ रूपए बैठती है यानी 3,695 करोड़ रूपए कोठारी पर देनदारी बाकी है। कोठारी ने जिन बैंकों से लोन लिया है उनमें बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, इंडियन ओवरसीज बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, इलाहाबाद बैंक और ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स शामिल हैं। फिलहाल बैंक ऑफ बड़ौदा की शिकायत पर सीबीआई ने कंपनी के डायरेक्टर्स विक्रम कोठारी, साधना कोठारी, राहुल कोठारी और अज्ञात बैंक अधिकारियों के खिलाफ कर्ज भुगतान नहीं करने का मामला दर्ज किया है। इसके अलावा जांच एजेंसी ने विक्रम कोठारी के दफ्तर और आवासीय परिसरों पर छापेमारी की है।
