कोरिया / होली का त्यौहार गोदरीपारा चिरमिरी निवासी वर्मा परिवार के लिए मातम बनकर आया।

आपको बता दे कि चिरमिरी एसईसीएल में सुरक्षा प्रहरी के पद में कार्यरत सुशील वर्मा के 15 वर्षीय नाबालिक पुत्र की मृत्यु तालाब में डूबने से हो गई। मृतक के शव को एनडीआरएफ की टीम को कड़ी मेहनत पश्चात 46 घण्टे बाद निकालने में सफलता मिली है।
गौरतलब हो की होली के दिन शुक्रवार को लगभग 2 बजे मृतक शक्तिराज वर्मा उर्फ शत्रु अपने 4 अन्य मित्रो के साथ पिकनिक मनाने के उद्देश्य से चिरमिरी शहर से करीब 18 किमी दूर खड़गवां ब्लाक के तेलंदा नाला पहुंचा। जहां नाश्ता और शराब सेवन के पश्चात सभी लड़के तेलंदा पुल से लगभग 200 मीटर दूर बड़े से तालाब में नहाने गये। उसी दौरान नहाते वक्त मृतक शक्ति राज उर्फ शत्रु फिसल कर गहराई की ओर चला गया। मृतक तैरना नहीं जानता था जिस कारण वह डूबने लगा। साथियों द्वारा उसे बचाने की पुरजोर कोशिश की गई। किंतु मृतक को बचा नहीं पाए। हादसा हो जाने के बाद साथी 4 बच्चे बुरी तरह से घबरा गए और भाग कर घर वापस आ गए, उनके द्वारा किसी को भी इस घटना की जानकारी नहीं दी गई। मृतक के परिजनों द्वारा खोजबीन किया गया जाने लगा तब जाकर किसी तरह साथियों द्वारा बताया गया कि शक्ति पिकनिक स्थल पर पानी में डूब गया है।
जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस तक पहुची। डूबे बालक को शनिवार और रविवार के दिन एसईसीएल की रेस्क्यू टीम ने भी घंटो शव को खोजने का प्रयास किया। किन्तु निराशा ही हाथ लगी। जिला पुलिस बल के आपदा प्रबंधन टीम तथा बिलासपुर से राज्य आपदा मोचन बल को भी बुलाया गया। खोजी कैमरे और गोताखोरी उपकरण से लैस बिलासपुर एनडीआरएफ की 8 सदस्यी टीम को कड़ी मसक्कत से 46 घंटे बाद 25 फिट गहरे पानी के अंदर से शव को निकाल पाने में सफलता मिली। शव का तत्काल पंचनामा किया जाकर शव विच्छेद हेतु भेज दिया गया।
शव को खोजने के दौरान कोरिया पुलिस कप्तान विवेक शुक्ला विशेष रूप से घटना स्थल पर डटे रहे और खोजी टीम की हौसला अफजाई और निर्देश देते रहे। इस दौरान घटना स्थल पर सीएसपी करण उके, थाना प्रभारी खड़गवां शशिकांत टंडन, एनडीआरएफ टीम से सहायक उप निरीक्षक अशोक कुमार सिंह दल के सदस्य उमेश पूरी गोस्वामी, सुमन एक्का, रामेश्वर, सुखदेव, अमित राजकुमार, शिवराम, चिरमिरी एसईसीएल रेस्क्यू टीम तथा पुलिस बल उपस्थित रहे।
