Advertisement Carousel

मानव रहित क्रासिंग पर ट्रेन की चपेट में आयी स्कूल वैन, 13 बच्चों की मौत

उत्तर प्रदेश – गोरखपुर / उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के दुदही रेलवे स्टेशन के निकट आज सुब​ह मानव रहित रेलवे क्रासिंग पर स्कूली बच्चों से भरी वैन के पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ जाने से 13 बच्चों की मौत हो गयी जबकि आठ अन्य घायल हो गये। रेलवे प्रवक्ता वेद प्रकाश ने बताया कि बच्चे डिवाइन पब्लिक स्कूल के छात्र थे। वैन सीवान से गोरखपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन :55075: की चपेट में आयी।

उन्होंने बताया कि वैन में 10 साल की उम्र तक के करीब 25 बच्चे सवार थे जो स्कूल जा रहे थे । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना स्थल पहुंचकर सारे पहलुओं की जानकारी ली । उन्होंने पडरौना के ​जिला अस्पताल का निरीक्षण किया और गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती गंभीर रूप से घायल चार बच्चों और वैन चालक को भी देखने पहुंचे ।


योगी ने कहा, ‘गोरखपुर के कमिश्नर :आयुक्त: को घटना की जांच का निर्देश दिया गया है और उनसे शाम तक रिपोर्ट देने को कहा गया है।’ योगी ने संवाददाताओं से कहा, ‘आज प्रात: इस दुखद घटना के बारे में पता चला। पैसेंजर ट्रेन की चपेट में स्कूली वैन के आने से 13 बच्चों की दु:खद मौत हुई है। गंभीर रूप से घायल चार बच्चों और वैन चालक का गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है। लापरवाही के लिए जो जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ सरकार कठोरतम कार्रवाई करेगी।’ उन्होंने कहा, ‘मैं यहां परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करने आया हूं। प्रात: ही मैंने इस संबंध में रेलमंत्री से बातचीत की है। प्रथम दृष्टया इस मामले में वैन चालक की गलती सामने आ रही है। वह ईयर फोन लगाकर वैन चला रहा था। उसकी आयु को लेकर भी कुछ बातें सामने आ रही हैं।’ योगी ने मृत बच्चों के परिजनों को दो दो लाख रूपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।

इस सवाल पर कि बच्चे जिस स्कूल के छात्र थे, उस डिवाइन पब्लिक स्कूल को मान्यता थी या नहीं, योगी ने कहा कि सभी पहलुओं की जांच का आदेश दिया गया है । फिलहाल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिये गये हैं । उन्होंने कहा कि मानवरहित क्रासिंग पर दुर्घटनाएं रोकने के लिए हमने रेल मंत्रालय से ऐसी क्रासिंग मानवयुक्त करने की अपील की है । आवश्यकता पडेगी तो रोड ओवरब्रिज बनाया जाएगा ।

उधर पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय यादव ने भाषा को फोन पर ​बताया​ कि हादसा सुबह लगभग सवा सात बजे विशनुपुरा थानाक्षेत्र के दुदुई रेलवे स्टेशन के पास मानव रहित क्रासिंग पर हुआ ।

उन्होंने बताया कि क्रासिंग संख्या—45 पर ‘क्रासिंग मित्र’ तैनात था जिसने वैन ड्राइवर को रोकने की कोशिश की लेकिन वह नहीं रूका और क्रासिंग पार करने की कोशिश की लेकिन शायद वैन बीच पटरी पर अचानक पहुंच कर बंद हो गयी और यह हादसा हो गया। राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने इस हादसे पर टवीट कर कहा, ‘कुशीनगर, उतर प्रदेश में मासूम बच्चों को ले जा रही बस की दुर्घटना के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ है । मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोकाकुल परिवारों तथा घायल हुए लोगों, ख़ासकर बच्चों के साथ हैं।’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, ‘… बहुत दुखद समाचार मिला। बहुत पीडा हुई। उत्तर प्रदेश सरकार आवश्यक कार्रवाई करेगी। रेलवे विभाग भी आवश्यक कार्रवाई करेगा।’ रेल मंत्री पीयूष गोयल ने टवीट किया, ‘कुशीनगर में हुए हादसे में स्कूली बच्चों की मृत्यु का दुःखद समाचार मिला, मैंने सीनियर अधिकारियों द्वारा हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं, मृतकों के परिवार जनों को रेलवे की ओर से दो दो लाख रुपये की सहायता दी जायेगी जो उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दी जा रही दो दो लाख रूपये की राशि के अतिरिक्त होगी।’ उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय, सपा मुखिया अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी घटना पर गहरा दु:ख प्रकट किया है। साभार – भाषा

error: Content is protected !!