नई दिल्ली / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एम्स में राष्ट्रीय वृद्धा अवस्था केंद्र की आधारशिला रखी। दिल्ली के मस्जिद मोठ क्षेत्र में एम्स का यह नया सेंटर स्थापित किया जाएगा। दो सौ बिस्तरों वाला यह अस्पताल 2020 तक बनकर तैयार होगा। इसके अलावा एम्स और ट्रामा सेंटर के बीच टनल का लोकार्पण प्रधानमंत्री ने किया। इस सुरंग के ज़रिए अखिल भारतीय आर्युविज्ञान अस्पताल से ट्रामा सेंटर जाना आसान हो सकेगा। साथ ही उन्होंने एम्स में एक विश्राम गृह को राष्ट्र को समर्पित किया। इस विश्राम गृह की बदौलत तीमारदारों की परेशानियां कुछ कम होंगी। प्रधानमंत्री ने सफदरजंग के नए आपातकालीन ब्लॉक के अलावा आठ सौ सात बेड के सुपर स्पेशियलिटी वार्ड का भी लोकार्पण किया।
प्रधानमंत्री ने एम्स में आज स्वास्थ्य क्षेत्र की पांच सुविधाओं का शिलान्यास लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं की बदौलत निम्न मध्यम वर्ग और मध्यम वर्ग को सहूलियत होगी। पीएम मोदी 2022 तक नये भारत के संकल्प को याद करते हुए कहा कि देश में आरोग्य सेवाऐं सभी को सुनिश्चित कराने के लिए मौजूदा सरकार नए अस्पताल बनाने से लेकर कई ऐसे क़दम उठा रही है जिससे लोगों की परेशानियां कम हों। एम्स में योजनाओं के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से एम्स में मुलाकात की और डाक्टरों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। पूर्व प्रधानमंत्री का कुछ दिनों से एम्स में इलाज चल रहा है।
