वसीम बारी, रामानुजगंज / विगत 37 वर्षों से लंबित लिपिको की वेतन विसंगति दूर करने एवं चार स्तरीय पदोन्नत वेतनमान की माँग को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ के नेतृत्व में लिपिक आंदो लन के पंचम चरण में बलरामपुर जिले के समस्त लिपिक दो दिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर हड़ताल पर हैं। जिला मुख्यालय बलरामपुर में आज बलरामपुर एवं रामानुजगंज तहसील के सैकडों लिपिक धरने में शामिल हुये। अन्य तहसील के लिपिक तहसील स्तर पर ही धरने में बैठकर सरकार के कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ हल्ला बोल कर रहे हैं।
मूसलाधार बारिश के बावजूद लिपिकों ने पूरे उत्साह से हड़ताल में भाग लिया। लिपिकों की हड़ताल से कलेक्ट्रेट सहित जिले भर के सभी कार्यालयों में सरकारी कामकाज पूरी तरह प्रभावित हुआ। समस्त बैठक एवं राजस्व मामलो में तिथि बढा दी गयी है।
लिपिक संघ के जिलाध्यक्ष रमेश तिवारी ने बताया कि प्रदेश भर के लिपिक विगत 11 मई से ही चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं। प्रथम चरण में 11 मई को कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन, द्वितीय चरण में आयुक्त के माध्यम से ज्ञापन, तृतीय चरण में 1 जून से 26 तक काली पट्टी लगाकर प्रदर्शन, चतुर्थ चरण में 27 जून को एक दिवस का सामूहिक अवकाश लेकर प्रदर्शन किया गया। इसके बावजूद सरकार के द्वारा कोई पहल नही की गई। आंदोलन के पंचम चरण में 26 एवं 27 जुलाई को दो दिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। यदि 15 अगस्त तक लिपिको की मांग पूरी नही होती है, तो उसके बाद प्रदेश में समस्त लिपिक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जायेंगे ।
