रायपुर / मध्यप्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। उन्होंने राज्यपाल के तौर पर पद और गोपनीयता की शपथ ले ली है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस ने उन्हें राजभवन में शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
इसके पहले राज्यपाल पद की शपथ लेने आनंदीबेन पटेल सुबह 11 बजे रायपुर पहुंची। उन्हें एयरपोर्ट पर गार्ड ऑफ ऑर्नर दिया गया। एयरपोर्ट से सीधे वो राजभवन पहुंची, जहां छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एके त्रिपाठी ने उन्हें राज्यपाल पद की शपथ दिलाई। राज्यपाल बलरामजी दास टंडन के निधन के बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मध्यप्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को छत्तीसगढ़ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।
मध्य प्रदेश के राज्यपाल को ही छत्तीसगढ़ का प्रभार देने की परंपरा रही है। इससे पहले शेखर दत्त के इस्तीफे के बाद मध्यप्रदेश के राज्यपाल रामनरेश यादव को छत्तीसगढ़ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था। बलरामजी दास टंडन का दिल का दौरा पड़ने के कारण रायपुर के अंबेडकर अस्पताल में मंगलवार को निधन हो गया था।
