Advertisement Carousel

युवा कांग्रेस का अभियान ‘‘मैं भी बेरोजगार’’,  भाजपा सरकार में हजारों शासकीय पद रिक्त : नौजवान बेरोजगार

रायपुर / पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने युवा कांग्रेस का अभियान ‘‘मैं भी बेरोजगार’’ लांच किया।

योजना के माध्यम से पूरे प्रदेश में लगभग 25 लाख शिक्षित पंजीकृत युवा बेरोजगार हैं और लगभग इतने ही अपंजीकृत अशिक्षित बेरोजगार है। यानी पौने तीन करोड़ की आबादी में लगभग 50 लाख युवा बेरोजगार है। कांग्रेस पार्टी का इन सभी युवाओं को रोजगार देने का वादा है कि हम आपको रोजगार एवं सम्मान दोनों देने का यथासंभव प्रयास किया जायेगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि युवाओं को रोजगार देने का यह वादा कांग्रेस पार्टी का सिर्फ चुनावी नारा नहीं बल्कि संकल्प है। युवाओं का सशक्तिकरण कांग्रेस पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है। हम सिर्फ आपसे वादा ही नहीं कर रहे हैं बल्कि आपको यह भी बता रहे हैं कि आपको कहां और कैसे रोजगार देंगे?

भाजपा सरकार में हजारों शासकीय पद रिक्त : नौजवान बेरोजगार – प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश में शिक्षकों के लगभग 54,000 पद रिक्त है, 12,000 व्याख्याताओं के पद खाली हैं, 525 पद प्रोफेसर के स्वीकृत हैं जिसमें कि 525 के 525 पद रिक्त हैं। विश्वविद्यालयों में सहायक प्रोफेसर के 75 प्रतिशत पद खाली हैं। इंजीनियरिंग कॉलेज में 741 में से 376 पद रिक्त हैं। सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों के 840 पद रिक्त हैं। डॉक्टरों के 550 पद रिक्त हैं। प्रदेश में एक भी ऐसा अस्पताल नहीं है जहां नर्सो की संख्या पूरी नहीं है। आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं के सैकड़ों पद खाली हैं। कई सरकारी विभागों में सरकारी कर्मचारियों का अभाव है। हम इन तमाम पदों पर छत्तीसगढ़ के युवाओं की बहाली करेंगे, उन्हें रोजगार देंगे हम सम्मान देंगे। 

नरवा, गरूवा, घुरवा, बारी, कांग्रेस बचाही एला संगवारी – नरवा, गरूवा, घुरवा, बारी, कांग्रेस बचाही एला संगवारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कांग्रेस ने इस मॉडल द्वारा भी ग्रामीण युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा-नरवा (नाले) को दुरुस्त करने से कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी एवं हजारों ग्रामीण युवा आत्मनिर्भर होंगे। कृषि कार्यों को हम मनरेगा से जोड़ेंगे एवं ग्रामीण युवाओं को रोजगार मुहैया कराएंगे। घुरूवा यानी पशुधन को दुरुस्त एवं संवार कर हम प्रचुर मात्रा में जैविक खाद पैदा करेंगे एवं इनका उद्योग लगाएंगे। जैविक खाद उद्योग से हजारों शिक्षित एवं अशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार के अवसर खुलेंगे। इसके साथ ही गोठान बनने से हर गांव में रोजगार पैदा होंगे। बारी को ठीक कर हम फल एवं सब्जियों का उत्पादन बढ़ाएंगे एवं ग्रामीण युवाओं को स्वावलंबी बनाएंगे। 

‘‘झुनझुना नहीं रोजगार देंगे युवाओं को उनका अधिकार देंगे’’ – कांग्रेस पार्टी की सरकार खाद्य प्रसंस्करण उद्योग लगाएगी जिससे हजारों की संख्या में रोजगार के अवसर मिलेंगे। इसके साथ-साथ कांग्रेस पार्टी की सरकार स्थानीय खनिज जैसे लोहा, बॉक्साइट, टिन इत्यादि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देगी, जिससे स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिले। कांग्रेस की सरकार राज्य में आईटी हब एजुकेशन हब ही बनाएगी एवं युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी, जिससे कि हमारे राज्य की प्रतिभाओं को बाहर न जाना पड़े और वे छत्तीसगढ़ में ही रहकर छत्तीसगढ़ को ‘समृद्ध छत्तीसगढ़’ बनाने में अहम भूमिका निभा सके। 

इस अवसर पर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उमेश पटेल ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल द्वारा युवा कांग्रेस को सौपी जा रही जिम्मेदारी को युवा कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता और एक-एक पदाधिकारी पूरी ताकत से निभायेगा। 

आज के कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री और संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी और संचालन राजेश तिवारी ने किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष रविन्द्र चौबे, पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, प्रभारी महामंत्री गिरीश देवांगन, प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री और संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी, प्रदेश महामंत्री राजेश तिवारी, कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष उमेश पटेल, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी संतोष कोलकुंडा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेन्द्र तिवारी, सुभाष शर्मा, महेन्द्र छाबड़ा, संचार विभाग के सदस्य किरणमयी नायक, दीपक दुबे, हसन खान, अशोक शर्मा, कल्पना पटेल, सेवादल प्रमुख चैनसिंह सामले, अशरफ हुसैन, विपिन मिश्रा, शाहरूख, जीशान सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

राजीव भवन में युवा कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय का आरंभ आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री एवं संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी के साथ-साथ युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव द्वय संतोष कुमार कोलकुंडा और अब्राहम राय मनी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष उमेश पटेल द्वारा किया गया। 

error: Content is protected !!