कोरिया / श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर देवरहा सेवा समिति द्वारा 3 सितम्बर सोमवार को मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है,प्रतियोगिता अलग अलग वर्ग में आयोजित है।
उक्ताशय की जानकारी देते हुए देवरहा सेवा समिति के अध्यक्ष शैलेष शिवहरे ने बताया कि प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी जन्माष्टमी पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता प्रेमाबाग परिसर में रखी गई है, यह प्रतियोगिता शाम 6 बजे से शुरू होगी।
उन्होंने बताया कि मटकी फोड़ प्रतियोगिता में सबसे पहले 10 वर्ष से कम उम्र के टोलियों को मौका दिया जाएगा और उनके लिए आकर्षक उपहार होंगे।
इसके बाद 10 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के टोलियों की प्रतियोगिता होगी इसमे प्रथम पुरस्कार 5000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 2500 रुपये, तृतीय पुरस्कार 1500 रुपये रखा गया है।
इसके साथ ही इस बार बच्चियों की प्रतियोगिता भी होगी और उन्हें क्रमशः 5000, 2500 और 1500 की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
18 वर्ष से अधिक उम्र के प्रतियोगिता में पुरस्कार राशि प्रथम 11000 रुपये, द्वितीय 7000 रुपये और तृतीय 5000 रुपये रखी गई है इसके साथ ही अन्य उपहार भी दिए जाएंगे।
मटकी फोड़ प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए प्रेमाबाग मंदिर समिति सहित, प्रदीप पुस्तकालय, शिवा फ़ोटो कॉपी, प्रिंस स्पोर्ट्स और सिटी केबल ऑफिस में संपर्क किया जा सकता है। देवरहा सेवा समिति के अध्यक्ष श्री शिवहरे ने बताया कि इस आयोजन की तैयारी जोर शोर से चल रही है, उन्होंने प्रतिभागियों से समय पर सम्पर्क करने को कहा है। साथ ही स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, सामाजिक, धार्मिक संगठनों और माताओं बहनों से भी प्रतियोगिता स्थल पर आकर उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया है।
