00 बढ़े हुए समर्थन मूल्य और बोनस राशि मिलाकर एक साथ होगा भुगतान
00 कामन धान 2050 रुपए और पतला धान 2070 क्ंिवटल पर होगी खरीदी
00 अटल विकास यात्रा का कोरिया जिले में अभूतपूर्व स्वागत
00 रनई और पटना पंचायत को दी अनेक सौगातें
कोरिया / मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह ने कहा है कि किसानों को इस बार धान खरीदी के साथ-साथ उनकी बोनस राशि का भुगतान भी साथ-साथ किया जाएगा। तीन सौ रूपए बोनस और 200 रुपए बढ़े हुए समर्थन मूल्य मिलाकर किसानों को इस साल कामन धान 2050 रुपए प्रति क्ंिवटल और पतला धान 2070 रुपए क्विंटल का भुगतान किया जाएगा। बोनस के लिए किसानों को इस बार इंतजार करना नहीं पड़ेगा। इस साल एक नवम्बर से किसानों से धान खरीदी शुरू हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में और भी अन्य धान उत्पादक राज्य हैं, लेकिन कहीं पर भी इतनी बढ़ी हुई दर से धान की खरीदी नहीं की जाती। डाॅ. रमन सिंह अटल विकास यात्रा के दौरान कोरिया जिले के रनई, महोरा, जमगहना और जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर में आयोजित स्वागत सभा और रोड शो को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। लोक नृत्य, संगीत और परम्परागत तरीकों से मुख्यमंत्री का जोरदार अभिनंदन किया। महिलाओं ने डाॅ. रमन सिंह का आरती उतारकर बड़े भाई की तरह आत्मीय स्वागत किया और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।

मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह ने बैकुण्ठपुर विधानसभा क्षेत्र के बड़े और पुराने गांव रनई से रोड शो की शुरूआत की। श्रम मंत्री भईयालाल राजवाड़े के अनुरोध पर उन्होंने पटना पंचायत के सामुदायिक भवन परिसर में टाईल्स लगाने के लिए 20 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की। डाॅ. सिंह ने रनई में पांच लाख रुपए की लागत से नए सामुदायिक भवन, नया पंचायत भवन सहित पेयजल समस्या के निदान के लिए पांच नग नए हैण्डपम्प खनन की स्वीकृति की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री से रनई से लेकर चरचा तक लगभग 27 किलोमीटर रोड शो करके लोगों से मुलाकात की और उनका अभिवादन स्वीकार किया। डाॅ. सिंह ने इस दौरान पिछले 15 साल में छत्तीसगढ़ में हुए विकास के प्रमुख क्षेत्रों पर सार में प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्री डाॅ. सिंह ने कहा कि इस महीने की पांच तारीख को अटल विकास यात्रा का दूसरा चरण डोंगरगढ़ से शुरू हुआ है। माता बम्लेश्वरी की आराधना के साथ राज्यसभा सदस्य श्री अमित शाह ने इसकी शुरूआत की है। दूसरे चरण की इस यात्रा में 6 हजार किलोमीटर का सफर करके 62 विधानसभाओं की जनता से भेंटकर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिला रहे हैं। इस दौरान अब तक हुए विकास कार्यों का जायजा भी ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने तेज गति से विकास के काम कराए हैं। पिछले 15 सालों के काम-काज का असर हर क्षेत्र में देखने को मिलता है। छत्तीसगढ़ की ढाई करोड़ जनता में आज अमन चैन और सुकून है। कोई भी आदमी आज भूखा सोने को मजबूर नहीं है। एक रूपए में चावल के साथ उन्हें अमृत नमक भी मिल रहा है। धुआं से मुक्ति दिलाने के लिए उन्हें उज्ज्वला गैस कनेक्शन भी दिए हैं।

मुख्यमंत्री डाॅ. सिंह ने कहा कि बीमारी से लड़ने के लिए आज हमारे पास पुख्ता योजना है। आजादी के बाद देश में पहली बार इतनी व्यापक और बड़ी स्वास्थ्य योजना जनता को प्रधानमंत्री ने दी है। आयुष्मान योजना के नाम से जारी स्मार्ट कार्ड पर लोग 5 लाख रुपए तक इलाज चिन्हित अस्पतालों में कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि लिवर, हार्ट, कैंसर, बे्रन आदि की जटिल से जटिल बीमारी का इलाज हो सकेगा। अब लोगों को चिकित्सा मदद के लिए किसी के सामने हाथ फैलाने की जरूरत नहीं होगी और न ही अपने घर-बार बेचने की नौबत आएगी। डाॅ. सिंह ने कहा कि केवल सड़क और पुल-पुलिया तथा भवन निर्माण ही हमारा लक्ष्य नहीं है। लोगों के जीवन में परिवर्तन और खुशहाली कैसे आए। इस पर हम ज्यादा चिंता कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह ने कहा कि सौभाग्य योजना का विस्तार हमने किया है। एकल विद्युत कनेक्शन धारियों को भी फलेट रेट के दायरे में ले आए हैं। उन्हें अब ज्यादा बिजली बिल की कोई चिंता नहीं होगी। एक कनेक्शन पर 30 यूनिट से ज्यादा खपत होने पर भी उन्हें ज्यादा बिल आने का भय नहीं होगा। वे फलेट रेट के अंतर्गत एक सौ रूपए हर महीने वाली इस योजना का लाभ ले सकते हैं। इसके लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर लोगों को जोड़ा जा रहा है। फ्लेट रेट योजना से राज्य के 12 लाख गरीब परिवारों को फायदा मिल रहा है। डाॅ. सिंह ने कहा कि महिलाओं को हमने पहले से ज्यादा अधिकार और ताकत दिए हैं। संचार क्रांति योजना के अंतर्गत लगभग 40 लाख महिलाओं के हाथों में स्मार्टफोन दे रहे हैं। वे अब राज्य के किसी भी कोने से मुख्यमंत्री से सीधे बात कर सकते हैं। कई हितग्राही महिलओं का फोन आता है, उनसे बातचीत कर और अनुभव सुनकर काफी प्रसन्नता होती है।
डाॅ. सिंह ने बताया कि विकास यात्रा के दौरान लगभग 750 करोड़ रुपए के तेन्दूपत्ते बोनस का भुगतान किया जा रहा है। लगभग एक महीने के भीतर 13 लाख संग्राहक परिवारों को बोनस राशि का भुगतान कर दिया जाएगा। श्रम कल्याण मंत्री श्री भईयालाल राजवाड़े ने भी रोड शो और स्वागत सभाओं को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि पिछले 15 सालों में राज्य में हुए विकास की तस्वीर लोगों के दिलो-दिमाग पर बैठा हुआ है। पन्द्रह साल का समन्वित विकास किसी से छिपा नहीं है।
